पटना/बाढ़ : पटना जिले के बाढ़ रेलवे स्टेशन के समीप स्थित कोंदी स्टैंड पर हुई गोलीबारी मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें गोलीबारी कांड का मुख्य आरोपी राकेश कुमार और पूर्व मुखिया बिन्देश्वरी गोप उर्फ ललन यादव को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मोगरा थाना क्षेत्र के बंसबेरिया गांव से गिरफ्तार किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) रामकृष्ण ने बताया कि 21 जून 2026 की दोपहर बाढ़ थाना क्षेत्र के कोंदी स्टैंड पर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी। इस घटना में पुरुषोत्तम कुमार और रामानंद कुमार उर्फ साहिल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रामकृष्ण के निर्देश पर बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की गई, जिसके बाद मुख्य आरोपी राकेश कुमार और पूर्व मुखिया बिन्देश्वरी गोप को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया। इसी दौरान पुलिस ने कोंदी स्टैंड पर 23 जून 2026 को हुई एक अन्य घटना में भी कार्रवाई की। इस मामले में शराब के नशे में टेंपो चालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप में नामजद अभियुक्त प्रहलाद यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्त बाढ़ थाना क्षेत्र के बासोबागी गांव के निवासी हैं। इनमें मुख्य आरोपी राकेश कुमार, उनके पिता एवं पूर्व मुखिया बिन्देश्वरी गोप तथा टेंपो विवाद मामले का आरोपी प्रहलाद यादव शामिल हैं।.उन्होंने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में बाढ़ थाने के सब-इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार, सब-इंस्पेक्टर जय प्रकाश ठाकुर, आरक्षी राजकुमार, आरक्षी गौतम कुमार तथा बाढ़ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट