बिहार में एक बार फिर पुल गिरने से बड़े हादसे की खबर है। यहां निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर गंगा महासेतु का स्लैब आज शनिवार को अचानक गंगा नदी में गिर पड़ा। इस हादसे में 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा
पुल के पिलर संख्या-38 पर सेंटरिंग प्लेट चढ़ाने के दौरान हुआ। वाकये के बाद निर्माण स्थल पर अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया जहां से रेफर होने के बाद सभी को पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनास्थल पर वरीय अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पहुंचे हुए हैं और बचाव कार्य किया जा रहा है। बताया जा रहा कि क्रेन से पुल का स्लैब चढ़ाने के दौरान अचानक चेन टूट जाने से यह हादसा हुआ है।
इस हादसे के बाद वहां से आई तस्वीरों में घायल मजदूरों को जमीन पर पड़ा हुआ देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने बताया कि सभी मजदूर पिलर पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान सेंटरिंग प्लेट चढ़ाने के समय अचानक हादसा हो गया। दुर्घटना के वक्त पांच मजदूर ऊंचाई पर काम कर रहे थे। इनमें से दो मजदूर संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य मजदूरों को भी काफी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायलों को प्राथमिक उपचार कराकर पीएमसीएच भेजा गया। फिलहाल घायलों में 2 मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसकी भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा क्रेन का चेन टूटने के कारण हुई प्रतीत होती है। घायलों में प. बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी एक मजदूर को समस्तीपुर के पटोरी अस्पताल में जबकि 5 अन्य को पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। फिलहाल निर्माण स्थल पर काम रोक दिया गया है।