राजधानी पटना समेत समूचे बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य में झमाझम बारिश की संभावना जताते हुए सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जारी चेतावनी के अनुसार उत्तर और पूर्वी बिहार के 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि शेष 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना मौसम केंद्र का कहना है कि इस दौरान राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आम नागरिकों से पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की गई है ताकि वे वज्रपात की चपेट में आने से सुरक्षित रहें।
13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार और सीमांचल के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण शामिल हैं। इसके अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और कटिहार में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है जहां कल मंगलवार को हल्की उमस रही। लेकिन ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बनाए रखा। जिन इलाकों में मंगलवार को पानी गिरा, वहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में हुई है।
पटना समेत 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
वहीं राजधानी पटना और गया समेत राज्य के 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट दिया गया है। इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, नवादा और शेखपुरा शामिल हैं। इसके साथ ही बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में भी बादल बरसेंगे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार में अगले 5 दिनों तक मानसून का असर दिखेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होगी, वहीं तेज हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो कैमूर जिला 38.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।