आज बुधवार 1 जुलाई से देशभर में कई बड़े नियम बदल गए हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला हैं इन बदलावों में LPG गैस सिलेंडर की नई कीमतों से लेकर आधार से जुड़े नियम और रेलवे के नए बदलाव शामिल हैं और ये आज से ही लागू हो गए हैं। सबसे पहले सरकार ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 183.50 रुपये की कमी कर दी है। इस कटौती के बाद अब इसका रेट 2930 रुपये हो गया है, जो कि पहले 3,113.50 रुपये था। हालांकि घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। इस साल यह पहली बार है जब कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कमी की गई है। इसके अलावा 5 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम में भी कटौती की गई है। 5 किलो वाले गैस सिलेंडर 13 रुपये तक सस्ता हो गया है।
सिलेंडर के बाद सरकार ने 1 जुलाई से आधार से जुड़े सभी काम अब नए Aadhaar App के जरिए किए जाने की घोषणा की है। पहले संचालित mAadhaar App के अब रिटायर कर दिया गया है। यानी अब इसमें नए अपडेट नहीं आएंगे और धीरे-धीरे इसकी सभी सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी। UIDAI ने लोगों को नया Aadhaar App डाउनलोड करने और उसी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। वहीं 1 जुलाई से आधार में ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा भी पूरी तरह फ्री कर दी गई है। अभी तक इस सेवा के लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता था। लेकिन अब 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। यह छूट केवल आधार मोबाइल ऐप के जरिए किए गए ईमेल अपडेट पर लागू होगी। अन्य माध्यमों से अपडेट कराने पर संबंधित शुल्क लागू हो सकता है।