नवादा : जिले के रजौली नगर पंचायत क्षेत्र के ड्योढ़ी पर से पुलिस ने चोरी के बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। चोरी की बाइक 20 जून की रात्रि को सोहदा गांव से चुराया गया था, जिसको लेकर पीड़ित शिवपूजन कुमार ने 22 जून को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाइक चोरी के महज एक सप्ताह में पुलिस द्वारा चोरी की बाइक को बरामद कर लिया गया। चोरी की बाइक को रजिस्ट्रेशन नम्बर प्लेट खोलकर चलाया जा रहा था, ताकि बाइक मालिक और पुलिस को गुमराह किया जा सके, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से बाइक चोर बच नहीं सका।
20 जून की रात हुई थी बाइक चोरी
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि सोहदा गांव निवासी मोती यादव के पुत्र शिवपूजन कुमार ने आवेदन देकर बताया था कि उनकी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक संख्या बीआर 27वाई 7512 को वे 20 जून की रात्रि को अपने घर के बाहर लगाकर खाना खाने अंदर गए थे। खाना खाकर बाहर आए,तो देखा कि उनकी बाइक नहीं है। बाइक को लेकर आसपास काफी खोजबीन की, किंतु कुछ भी जानकारी नहीं मिल सकी। प्राप्त आवेदन के आलोक में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुटी थी।
एएसआई की सतर्कता से बरामद हुई चोरी की स्प्लेंडर बाइक
इसी क्रम में थाने में पदस्थापित एएसआई सत्यदेव प्रसाद ने रविवार को दोपहर में ड्योढ़ी के समीप एक बिना नंबर प्लेट के काले रंग के स्प्लेंडर बाइक की जांच की। जांच के क्रम में पता चला कि यह वही बाइक है, जिसे सोहदा गांव से चुराया गया था। चोरी के बाइक के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान रजौली नगर पंचायत क्षेत्र के कुंडला मोहल्ला निवासी भोला यादव के पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की बाइक को जब्त कर थाना परिसर लाया गया। गिरफ्तार युवक को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट