बिहार में मुहर्रम के दौरान दरभंगा, समस्तीपुर समेत कई जिलों में जमकर बवाल की खबरें सामने आई हैं। जहां समस्तीपुर के मथुरापुर थानांतर्गत नागरबस्ती बूढ़ी गंडक नदी तट पर ताजिया मिलान के दौरान पथराव और लाठी-डंडों से हमलों को अंजाम दिया गया। वहीं कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मो. जब्बार अंसारी (22) पुत्र मो. जावेद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बीती शाम मोहर्रम के जुलूस और खेल के दौरान किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई थी। उधर दरभंगा जिले में मुहर्रम के दौरान आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव के दौरान एक एएसआई को गोली लग गई।
दरभंगा में ताजिया जुलूस विवाद में मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील सहनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुहर्रम के अखाड़े के दौरान गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान सुनील सहनी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने एएसआई मोबिन पर गोली चला दी। गोली एएसआई के पेट में जा लगी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सुनील को पकड़ लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटनास्थल से उसकी बाइक भी बरामद हुई है। घायल पुलिसकर्मी का इलाज दरभंगा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हालांकि मृतक सुनील सहनी के परिजनों का दावा अलग है। पिता दिलीप सहनी का आरोप है कि कल सुबह किसी ने फोन कर सुनील को घर से बुलाया था। इसके बाद गांव के शिव मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने लाठी, डंडे और फरसे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने गांव के सोनू, मोनू, राहुल समेत करीब 10 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। घायल पुलिसकर्मी मोबिन वर्तमान में पटना जिला बल में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात हैं। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।