– 29 जून को चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा महाआरती में होंगे शामिल
चिरांद (सारण)। आगामी 29 जून को आयोजित होने वाले चिरांद चेतना महोत्सव एवं भव्य गंगा महाआरती के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर जिलाधिकारी वैभव कुमार ने शनिवार को चिरांद स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पार्किंग, वीआईपी आगमन, मंच व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि चिरांद विकास परिषद एवं गंगा समग्र उत्तर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा महाआरती इस वर्ष अपने आयोजन के 19वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके साथ ही धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अंचलाधिकारी आंचल कुमारी, डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।