बांका से एक सनसनीखेज वारदात की खबर है। यहां माउंट केरला आवासीय स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के छात्र आनंद कुमार पर चाकू से 20 बार जानलेवा हमला किये जाने की सूचना है। हमले के बाद छात्र को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया जहां से रेफर किये जाने के बाद उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल बच्चे के साथी छात्रों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। आनंद बांका जिले में ही कटोरिया के जमुआरी गांव का निवासी बताया जाता है। घायल बच्चा आनंद की उम्र 8 वर्ष है और वह कुछ ही दिन पहले अपने घर छुट्टियां बीताकर हॉस्टल लौटा था।
जानकारी के अनुसार आनंद को स्कूल हॉस्टल के टायलेट की छत पर खून में लथपथ पाया गया। उसे इतनी बेरहमी से चाकू से गोदा गया है कि उसका चेहरा पूरी तरह से सूज गया है। बच्चे के पिता ने बताया कि हॉस्टल के दूसरे छात्रों को आनंद खून से लथपथ मिला। आनंद के परिजनों को आज सोमवार की सुबह स्कूल से फोन पर बताया गया कि आनंद की तबीयत बहुत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो पता चला कि उसकी हालत बहुत खराब थी। गंभीर हालत के चलते उसे मायागंज अस्पताल ले आना पड़ा।
सकूल में आनंद के सहपाठियों ने बताया कि आनंद रात के 12 बजे कमरे से निकला था। सुबह करीब 5 बजे के आसपास बाकी बच्चों की नजर उस पर पड़ी। वो बुरी तरह से जख्मी होकर गिरा हुआ था। आनंद कुछ ही दिन पहले गर्मी की छुट्टी के बाद घर से हॉस्टल वापस लौटा था। स्कूल हॉस्टल के संचालक ने बताया कि उन्हें भी इस वारदात की खबर सुबह में ही मिली। बताया जाता है कि हमलावर ने घटना को अंजाम देने के बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। पुलिस की जांच में यह पता चला कि स्कूल का अभी एक महीने पहले ही रजिस्ट्रेशन हुआ है, लेकिन हॉस्टल संचालित करने के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था।