मशहूर बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज में धारदार हथियार से जानलेवा हमला किये जाने की खबर है। इस हमले में बिजेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS रेफर कर दिया है। इलाके में इस कांड की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई। हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश की वजह से उनपर हमला हुआ है।
इस वारदात को गोपालगंज के माधोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंड गांव में अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश में उनके पड़ोस के कुछ लोगों ने विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इधर बिजेंद्र नाथ तिवारी की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि पुलिस ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों के बयान के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर छापेमारी कर रही है। फिलहाल घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी का पटना AIIMS में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। विदित हो कि बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव बलसंड है जहां उनके परिवार से पहले से पड़ोसिंयों का विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद में उनके भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला किया है।