तेज प्रताप यादव ने बीती देर रात पटना के सचिवालय थाने पहुंचकर अपनी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अपनी लिखित शिकायत में उन्होंने दावा किया है कि उनकी हत्या करने की कोशिश की जा रही है। 4 लोग उनके घर में जबरन घुस आए थे। उन्होंने आकाश यादव पर जान से मारने की साजिश रचने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया। इसके बाद थाने के बाहर पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप ने कहा कि आकाश की ओर से उन पर लगाए सभी आरोप झूठे हैं। वह शुरू से ही उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
तेज प्रताप ने आगे कहा कि उनके पिता लालू यादव की तबीयत ठीक नहीं है और ऐसे में उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। आकाश यादव उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहा है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कुछ लोग उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि उनके समर्थकों की नजर पड़ते ही वे लोग भाग गए। तेजप्रताप यादव ने सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है। गौरतलब है कि राबड़ी देवी समेत लालू परिवार के कई सदस्यों ने हाल ही में अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी।
इससे पहले अदालत के आदेश पर आकाश यादव ने पाटलिपुत्र थाने में तेज प्रताप और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इसमें आकाश ने बताया कि 6 जून को जब वह खाटू श्याम यात्रा पर गए हुए थे, उस दौरान तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके पाटलिपुत्र स्थित आवास पर पहुंचे और जबरन घर में घुसने की कोशिश करते हुए परिवार को धमकी दी। आकाश यादव का यह भी कहना है कि इसके बाद उनके फोन पर मोतीलाल यादव का कॉल आया, जिसमें तेज प्रताप यादव ने भी बात की। कुछ समय बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए तेज प्रताप यादव के खिलाफ कुछ भी बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
विधि-व्यवस्था एसडीपीओ-2 दिव्यांजली जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से यह भी बताया गया कि वह आकाश यादव द्वारा प्रस्तुत कॉल रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। वहीं सचिवालय थानाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव शुक्रवार रात करीब 11:20 बजे थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को तीन पन्नों का एक शिकायती पत्र सौंपा है। तेज प्रताप का आरोप है कि उनका पूर्व सहयोगी आकाश यादव उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा है। वह उनसे मोटी रकम की मांग कर रहा है और बात न मानने पर ब्लैकमेल कर रहा है।