हरियाणा से बिहार पहुंची दो नई नवेली जोड़ियों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनके नए जीवन की शुरुआत जेल से होगी। लेकिन मुजफ्फरपुर पुलिस ने उनके सपनों पर पानी फेरते हुए उन्हें जेल की हवा खिला दी। दरअसल, पुलिस को उनकी लग्जरी कार की तलाशी में हरियाणा से बिहार लाई जा रही 5 लाख की विदेशी दारू बरामद हुई जिसके बाद उनको गिरफ्तार करते हुए कार को जब्त कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि ये चारों दूल्हा—दुल्हन हरियाणा के रोहतक जिले से विदेशी दारू की खेप तस्करी कर बिहार ला रहे थे।
जानकारी के अनुसार दो दंपती—सोनू-अजीत और राखी-दीपक ने शादी के बाद अपनी लग्जरी गाड़ी में भारी मात्रा में विदेशी शराब लादी और बिहार के छपरा होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंच गए। तस्करों को भरोसा था कि लग्जरी कार में नई नवेली दुल्हन के साथ सफर करने पर पुलिस उन्हें शक की नजर से नहीं देखेगी। लेकिन उनका यह दांव उल्टा पड़ गया। मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने गाड़ी को रोककर जांच की और एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दंपती की गाड़ी की जांच के दौरान करीब पांच लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की। इसके बाद उत्पाद विभाग की पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरपुर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन स्थानीय शराब कारोबारियों की तलाश की जा रही है जो इस पूरे गिरोह के मुख्य सूत्रधार हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े कनेक्शनों की गहन जांच में जुटी हुई है।
दरअसल, शादी के कुछ ही दिनों बाद से सोनू-अजीत और राखी-दीपक शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय हो गए थे। दोनों दंपती शादी के जोड़े में ही हरियाणा से बिहार तक शराब की तस्करी कर रहे थे। इससे पहले भी वे इसी तरीके से कई बार पुलिस की नजर से बच निकलते थे, लेकिन इस बार उनका यह दांव काम नहीं आया और पुलिस ने उनकी पूरी पोल खोल दी। सूत्रों के अनुसार, उत्पाद विभाग को लंबे समय से इस गिरोह के बारे में सूचना मिल रही थी कि हरियाणा की कुछ महिलाएं अपने पतियों के साथ मिलकर शराब की खेप मुजफ्फरपुर तक पहुंचा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे इलाके में मुखबिरों का जाल बिछाया। जैसे ही आरोपियों की लग्जरी गाड़ी छपरा बॉर्डर पार कर मुजफ्फरपुर के रेवा पुल के पास पहुंची, उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।