पटना/बाढ़ : सहयोग शिविर के माध्यम से ‘सरकार आपके द्वार’ तथा ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार के सभी विभागों के कर्मी पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं। यह बातें भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने मंगलवार को बाढ़ अनुमंडल के पंडारक प्रखंड की बिहारी बिगहा पंचायत, बाढ़ प्रखंड की रहीमापुर-रूपस पंचायत तथा अथमलगोला प्रखंड की सबनीमा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों के निरीक्षण के दौरान कहीं।
विधायक डॉ. सिंह ने कहा कि इन पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा जागरूक ग्रामीणों की भूमिका सराहनीय रही है। उनके सहयोग से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की प्रक्रिया और अधिक सरल हुई है। आम लोगों की समस्याओं एवं जन-शिकायतों के पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बिहार सरकार की पहल पर इन तीनों पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, मद्यनिषेध एवं निबंधन, श्रम संसाधन, उद्योग, गृह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ऊर्जा, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, समाज कल्याण, स्वास्थ्य तथा पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। यहां ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, राशन कार्ड, स्वच्छ भारत मिशन, सड़क एवं नाली निर्माण सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए।
लोगों की सुविधा के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने शिकायतें सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की। पंडारक प्रखंड की बिहारी बिगहा पंचायत में आयोजित शिविर में बीडीओ नीलकमल, सीओ रंजन बैठा, मुखिया रूबी देवी, मुखिया प्रतिनिधि उमाशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।वहीं, बाढ़ प्रखंड की रहीमापुर-रूपस पंचायत में आयोजित शिविर में बीडीओ कुमारी अंजू, मुखिया वचोला देवी, मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक राजीव रंजन सिंह, रामनरेश सिंह, पुष्कर एवं आदित्य कुमार सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
अथमलगोला प्रखंड की सबनीमा पंचायत में आयोजित शिविर में बीडीओ राजेश कुमार, सीओ भावेश कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीपीआरओ दीवा श्री, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथमलगोला के प्रभारी डॉ. अमन कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्वेता आनंद, मुखिया मधु देवी, मुखिया प्रतिनिधि धर्मेश भारद्वाज, प्रमुख प्रतिनिधि कन्हैया सिंह तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है तथा सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सहयोग शिविर के साथ-साथ प्रखंड स्तरीय जनसहयोग सह जनकल्याण शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविरों के आयोजन से आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल जाता है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट