गया जिले के आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत चाल्हो पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने 45 लाख की सोना लूटकांड को अंजाम देने वाले दो कुख्यात अपराधियों का हाफ एनकाउंटर कर उन्हें दबोच लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है और उनका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 17 मई को गुरुआ बाजार में एक ज्वेलरी कारोबारी को गोली मारकर 45 लाख रुपये के गहने लूटने की वारदात में शामिल थे। दोनों अपराधियों की पहचान सुजीत कुमार और श्रवण मल्लाह के रूप में की गई है।। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि यह अपराधी गुरुआ थाना इलाके में मौजूद हैं। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया और घेराबंदी शुरू की। लेकिन पुलिस को देखते ही अपराधियों ने उनपर गोली चला दी।
अपराधियों की गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों वहीं गिर गए। बताया जाता है कि दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है। लूटकांड के मास्टरमाइंड सुजीत चौधरी को दोनों पैरों में कुल तीन गोलियां लगी हैं जबकि दूसरे अपराधी को भी एक गोली लगी है। ये एनकाउंटर आमस थाना क्षेत्र के बनाही मोड़ के पास हुआ। पुलिस को दोनों अपराधियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की जिस दौरान अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। बताया जा रहा है कि घायल दोनों अपराधी 17 मई को गुरुआ बाजार में हुई बड़ी लूटकांड की घटना में शामिल थे। अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये के गहने लूट लिए थे। इस घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और उन्हें पकड़ लिया। संभावना है कि पूछताछ में लूटकांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। यह भी पता चला है कि इस हाफ एनकाउंटर के दौरान मुठभेड़ स्थल पर काफी अंधेरा था। बताया जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर करीब 3 से 4 अपराधी गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। विदित हो कि बिहार में हाल के दिनों में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। राज्य सरकार भी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त नजर आ रही है। गया में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।