12 दिन जेल में बिताने के बाद जमानत पर बेउर जेल से बाहर निकलते ही आज सोमवार को ‘ज्ञानबिंदु GS एकेडमी’ के डायरेक्टर रोशन आनंद ने सीधे—सीधे फैजल खान यानी खान सर और कोल्ड स्टोरेज के मालिक पर उनके छोटे भाई की नेपाल में हत्या कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने खान सर पर अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की हत्या की साज़िश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी घटना पहले से सोची-समझी साजिश थी, जिसे उनके जेल जाने के बाद अंजाम दिया गया। इतना कहने के बाद वो अपने पैतृक गांव के लिए सहरसा निकल पड़े, जहां आज उनके भाई प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार होना है।
फैजल खान और आरएस प्रसाद की साजिश
रोशन आनंद ने मीडिया के सामने अपना गुस्सा जाहिर किया और खान सर को कोचिंग माफिया और गुंडा तक कह डाला। उन्होंने कहा कि खान सर और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई प्रिंस की हत्या करवाई। जब मैं आज़ाद था, तब उसे कोई नुकसान क्यों नहीं पहुंचाया गया? जैसे ही मुझे 3 जून को एक सोची-समझी साज़िश के तहत गिरफ़्तार करके जेल भेजा गया, मेरे भाई को खत्म करने की साज़िश रची गई। इस अपराध की बहुत बारीकी से योजना बनाई गई और मेरे जेल जाते ही इसे अंजाम दिया गया। हालांकि सोशल मीडिया पर रोशन आनंद के भाई प्रिंस के दोस्त का एक वीडियो बयान सामने आया है जिसमें उनकी मौत का कारण बीमारी बताया गया है, लेकिन रोशन आनंद का आरोप है कि यह खान सर द्वारा रची गई हत्या का मामला है। प्रिंस का अंतिम संस्कार आज सहरसा में होना है और रोशन आनंद इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीधे पटना से सहरसा जा रहे हैं।
झूठ बोलता है फैजल खान : रोशन आनंद
रोशन आनंद ने खान सर पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि वह बहुत झूठ बोलता है। पहले उसने अफवाह फैलाई कि गोली हमने चलाई। लेकिन जब वीडियो सामने आया तो सच सबको पता चल गया कि गोली उसकी तरफ से चलवाई गई थी। ये लोग शिक्षक के रूप में गुंडे हैं। पहले तो सिर्फ शिक्षा-व्यवस्था के कोढ़ थे, अब कानून-व्यवस्था और सामाजिक-जातिगत सौहार्द के लिए भी कोढ़ साबित हो रहे हैं। जेल ही इन कोचिंग माफियाओं के लिए सबसे मुफीद जगह है। गौरतलब है कि रोशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव 2 जून को खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुई पत्थरबाजी और हिंसक झड़प के मामले में दर्ज FIR में नामजद आरोपी थे। गिरफ्तारी के डर से प्रिंस नेपाल भाग गए थे, जहां रविवार को विराटनगर के एक होटल में उनकी लाश मिली। रोशन आनंद के समर्थकों और परिवार वालों का दावा है कि प्रिंस की मौत स्वाभाविक नहीं थी, क्योंकि उनके शरीर पर खासकर आँखों के आसपास, गहरी चोट के निशान पाए गए थे।