पटना/बाढ़ : पटना जिले के बाढ़ पुलिस ने हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले अंतरजिला गिरोह के पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, बाढ़ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हथियार का भय दिखाकर राहगीरों से मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं में शामिल पांच आरोपित युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ बाढ़-01 रामकृष्ण के निर्देश पर नगर थाना अध्यक्ष बृज किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पांच अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पिछले दो सप्ताह के दौरान इन अपराधियों के विरुद्ध बाढ़, मोकामा एवं भदौर थाना क्षेत्रों में लूट के कई मामले दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी कर सभी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। ये सभी संगठित गिरोह के सदस्य हैं तथा अन्य जिलों में भी इनका नेटवर्क सक्रिय है। गिरोह के सदस्य लगातार लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया है।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों एवं पुलिसकर्मियों की सक्रियता के कारण इनामी, वांछित एवं मोस्ट वांटेड अपराधियों पर नकेल कसने में पुलिस प्रशासन को सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट