RJD के नवनिर्वाचित एमएलसी सुनील सिंह पर आज पटना में एक पोस्टर के जरिए जबर्दस्त तंज कसा गया है। इन पोस्टरों में सुनील सिंह और उनके परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पोस्टरों में सुनील सिंह को बिहार का नटवरलाल बताते हुए लिखा गया है—‘बिहार के नटवरलाल को MLC बनने पर बधाई’। इसके साथ ही पोस्टर में सुनील सिंह, उनकी पत्नी और बेटों पर कथित तौर पर धोखाधड़ी और गबन के आरोप लगाए गए हैं। राजद एमएलसी सुनील सिंह का ये पोस्टर इनकम टैक्स के समीप बीजेपी ऑफिस के पास लगाया गया है। इसमें सुनील सिंह के साथ उनकी पत्नी और बेटे की भी तस्वीर मौजूद है।
पोस्टर में दावा किया गया है कि सुनील सिंह के खिलाफ दर्ज एक एफआईआर में यादव समाज की एक महिला से साढ़े 16 लाख रुपये के कथित गबन का मामला दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी के संबंध में साढ़े 23 लाख रुपये और बेटे यशस्वी के उपर पौने 4 लाख के कथित गबन का आपराधिक मामला दर्ज होने का पोस्टर में जिक्र किया गया है। पोस्टर में इन्हीं आरोपों के आधार पर पूरे परिवार को निशाना बनाया गया। पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि—’धोखाधड़ी और लूट-खसोट करने के मुखिया सुनील सिंह को महागठबंधन की ओर से एमएलसी बनने पर बधाई’। पोस्टर लगाने वालों की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है लेकिन माना जा रहा कि राजद के ही उनके विरोधी धड़े की तरफ से इसे लगवाया गया है।
बीजेपी आफिस के पास लगे पोस्टर में सुनील सिंह की तस्वीर पर एफआईआर नंबर 305, उनकी पत्नी की तस्वी के पर एफआईआर नंबर 306 और बेटे की फोटो पर एफआईआर नंबर 307 लिखा गया है। मालूम हो कि हाल ही में राजद ने शिवचंद्र राम की जगह एक बार फिर राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी की इस फैसले की आलोचना की थी। उन्होंने तेजस्वी यादव और सुनील सिंह का बिना नाम लिए पोस्ट किया था जिसमें सुनील सिंह को वसूली करने वाला बताया था। हालांकि राजद की ओर से सुनील सिंह तीसरी बार एमएलसी चुन लिए गए थे।