पटना/बाढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत सुप्रसिद्ध उमानाथ मंदिर परिसर में भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हवन, पूजा-अर्चना एवं आरती कर राष्ट्र कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। बुधवार को बाढ़ अनुमंडल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष हवन, पूजा-अर्चना एवं आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अतिप्राचीन एवं सुविख्यात उमानाथ मंदिर स्थित भगवान शिव मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करने के साथ-साथ देश की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की गई।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित बताते हुए कहा कि देश ने बीते 12 वर्षों में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव पूरे देश में देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द एवं विकास की निरंतरता की कामना की। मंदिर परिसर में आयोजित आरती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भी सहभागिता रही। भाजपा नेताओं ने कहा कि “12 साल बेमिसाल” अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट