पटना : जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने मंगलवार को सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति तथा 16 जून 2026 को आयोजित होने वाले अगले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जन-शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने तथा शिविरों के सफल आयोजन के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 2 जून को पटना जिले के 23 प्रखंडों की 41 ग्राम पंचायतों एवं 17 नगर निकायों के वार्डों के लिए चिन्हित 67 स्थानों पर सहयोग शिविरों का सफल आयोजन किया गया था। इससे पूर्व 19 मई को भी 41 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में हजारों लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
उन्होंने कहा कि अगला सहयोग शिविर 16 जून को 41 ग्राम पंचायतों एवं 17 नगर निकायों के वार्डों में आयोजित होगा। इसके लिए वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” संकल्प के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीएम ने कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का विधिवत निस्तारण कर आवेदकों को 30 दिनों के भीतर लिखित रूप से सूचना दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि शिविर स्थलों पर 19 विभागों के काउंटरों के साथ “मे आई हेल्प यू” काउंटर भी स्थापित किए जाते हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सहायता प्रदान की जाती है। समीक्षा बैठक में अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों के आयोजन की सतत निगरानी करने तथा प्रतिनियुक्त अधिकारियों को जन-शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
30 दिन पहले से आवेदन की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सहयोग शिविर की निर्धारित तिथि से 30 दिन पूर्व ही संबंधित स्थल पर कर्मियों के माध्यम से आवेदन एवं परिवाद पत्र प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शिविर स्थल पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट