भागलपुर में चोरों ने जेडीयू सांसद अजय कुमार मंडल के सूनसान पड़े घर को निशाना बनाते हुए वहां से उनके सुरक्षा में तैनात जवान का सरकारी रिवाल्वर चुरा लिया। यही नहीं, चोरी के बाद वहां से जाते—जाते चोरों ने सांसद के घर में बने उनके दफ्तर से कंप्यूटर और सीसीटीवी का डीवीआर भी टपा लिया। जानकारी के अनुसार वारदात के वक्त सांसद अजय कुमार मंडल अपने आवास में नहीं थे और उनका घर सूना पड़ा हुआ था जिसका ताला तोड़कर चोरों ने इस कांड को अंजाम दिया।
घटना भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र का है, जहां जेडीयू सांसद अजय मंडल का घर और वहां स्थित उनका कार्यालय रविवार की छुट्टी के कारण बंद था। जब अगले दिन सांसद के सचिव गौरव कुमार वहां पहुंचे, तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। जब वे अंदर दाखिल हुए तो वहां का नजारा बेहद हैरान करने वाला था। चोरों ने न केवल अलमारी को खंगाला था, बल्कि वहां रखे कंप्यूटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बटोर ले गए। अपनी पहचान छिपाने के लिए शातिर चोर दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए ताकि पुलिस के हाथ कोई सबूत न लगे।
इस हाई-प्रोफाइल चोरी की सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई। बताया जाता है कि पुलिस अब अपराधियों की धरपकड़ के लिए आसपास के इलाकों और सड़कों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सांसद अजय कुमार मंडल ने इस मामले पर कहा कि चोरी के संबंध में उनके अंगरक्षक द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि चोरों ने सेंध लगाकर कैमरा समेत कई कीमती सामान और उनके सुरक्षाकर्मी की पिस्तौल चुरा ली है।