MLC चुनाव में राजद ने एकबार फिर राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। आज सोमवार को सुनील सिंह ने बतौर आरजेडी कैंडिडेट विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन भी कर दिया। लेकिन सुनील सिंह द्वारा पर्चा दाखिल करते ही लालू की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य एक बार फिर तेजस्वी और सुनील सिंह पर भड़क गईं। रोहिणी आचार्य ने न सिर्फ सुनील सिंह की लानत मलामत कर दी, बल्कि उन्होंने साफ—साफ तेजसवी से सवाल किया कि वसूली करने वाले को आरजेडी का MLC टिकट क्यों दिया गया? रोहिणी ने सुनील सिंह का बगैर नाम लिए उन्हें धोखेबाज, विश्वासघाती, विरोधियों से मिली भगत करने वाला और वसूली का धंधा करने वाला तक कह दिया।
लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने पार्टी के एमएलसी उम्मीदवार के चयन पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि गुटबाजी, भीतरघात, विश्वासघात और वसूली जैसे आरोपों से घिरे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया गया है। राजनीतिक गलियारों में इसे सुनील सिंह की उम्मीदवारी और तेजस्वी यादव के फैसले पर सीधा हमला माना जा रहा है। रोहिणी पोस्ट में लिखा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी जिन लोगों को सौंपी गई है, उन्होंने ऐसे व्यक्ति का चयन क्यों किया। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे सीधे तौर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के फैसले पर सवाल माना जा रहा है, क्योंकि उम्मीदवारों के चयन में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।
रोहिणी ने अपने पोस्ट में कहा कि पार्टी में वर्षों से काम कर रहे समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कोई कमी नहीं है। पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक कई ऐसे नेता और कार्यकर्ता हैं जो हर परिस्थिति में RJD के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। परंतु ऐसे लोगों की अनदेखी पार्टी हित में ठीक नहीं है और यह गंभीर चिंता का विषय है। अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्या ने यह भी कहा कि कुछ लोगों की वजह से पार्टी को पहले भी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने संकेतों में कहा कि पिछले साल नवंबर में हुए चुनावी नुकसान से भी सबक लेने की जरूरत है। परंतु इसके ठीक उलट उन्हें प्रत्याशी बना दिया गया जो गुटबाजी-भीतरघात, विश्वासघात और मक्कारी की फितरत लिये हुए हैं। वसूली करना जिसका धंधा हो और जो अपनी झूठी धौंस जताने के लिए पार्टी कार्यालय में बहन-बेटियों के बारे में ओछी बातें करता है, उसको कैसे उम्मीदवार बना दिया गया।