ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के करीबी जहांगीर खान को बंगाल STF ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। जहांगीर खान अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर की फाल्टा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में थे। वहां वोटिंग के दिन हुई गड़बड़ियों के बाद फिर से चुनाव कराया गया था। प्रचार के दौरान जहांगीर खान का ‘पुष्पा’ स्टाइल में वोटरों और चुनाव कर्मियों को धमकाने का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसके बाद फाल्टा में दोबारा हुई वोटिंग में जहांगीर खान ने मतदान से ठीक पहले मैदान छोड़ दिया। पहले हुए चुनाव के दौरान जहांगीर खान और यूपी के चर्चित IPS ऑफिसर अजयपाल शर्मा के साथ तनातनी खूब चर्चा में रही थी। जहांगीर खान ने यूपी के सिंघम कहे जाने वाले अजयपाल शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि वो सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं, झुकूंगा नहीं।
जहांगीर खान ने चुनाव में गढ़ी ‘पुष्पा’ वाली छवि
जहांगीर खान टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के करीबी नेता माने जाते हैं। बंगाल में टीएमसी के चर्चित ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ के बीच फाल्टा में जहांगीर खान बड़ी चर्चा में रहे। उन्होंने फिल्म ‘पुष्पा’ के मुख्य किरदार के इर्द-गिर्द अपनी छवि गढ़ने की कोशिश की और कई बार खुद को एक ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया था, जो दबाव के आगे नहीं झुकेगा। पूरे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान जहांगी खान ने पुष्पा फिल्म के किरदार के दबंग अंदाज को अपनाया था और इस फिल्म का मशहूर संवाद—’पुष्पा झुकेगा नहीं’ बोला था। चुनाव के दौरान पुलिस पर्यवेक्षक बने यूपी के चर्चित IPS अजयपाल शर्मा को जहांगीर खान ने सार्वजनिक रूप से चुनौती भी दी थी और कहा था कि पुष्पा की तरह वह भी कभी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे।
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी को पहली बार पश्चिम बंगाल में सफलता मिली। सत्ता संभालने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा में चुनाव प्रचार भी किया। प्रचार के दौरान उन्होंने जहांगीर खान को चुनौती देते हुए कहा था कि जनता अब ‘पुष्पा’ को हराएगी। बता दें कि चुनाव के दौरान जहांगीर खान ने आईपीएस अजयपाल शर्मा को ललकारते हुए कहा था कि अगर वह सिंघम हैं तो हम भी पुष्पा हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को भी शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी उम्मीदवार के साथ रोड शो किया। फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को मतदान हुअस और 24 मई को वोटों की गिनती में भाजपा उम्मीदवार ने भारी मतों से जीत हासिल की।