औरंगाबाद में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने बोधगया से वाराणसी जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक ट्रेलर ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन तीर्थ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे, जो बोधगया में दर्शन आदि के बाद यहां से काशी दर्शन के लिए निकले थे। हादसा एनएच-19 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ और भेड़िया गांव के बीच भवानी होटल के समीप देर रात करीब 1:30 बजे हुआ।
एनएच-19 पर रात डेढ़ बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के पर्यटकों से भरी बस बोधगया से वाराणसी जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जाते हैं। घायलों में 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एएनएमसीएच गया रेफर किया गया है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है।
गया से काशी जा रहे थे 45 पर्यटक
पुलिस के अनुसार आंध्र प्रदेश के करीब 45 पर्यटकों का जत्था बोधगया दर्शन के बाद काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए निकला था। बस में सवार अन्य यात्रियों का कहना है कि ट्रक चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और एसडीओ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया। ट्रक चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।