नवादा : जिले की कौआकोल पुलिस ने फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। न्यायालय (कोर्ट) से मिले कड़े निर्देश के बाद थाना कांड संख्या- 91/26 मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चार अभियुक्तों के घरों पर इस्तेहार चिपका दिया है। पुलिस की अचानक दबिश से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
मंझिला और सोखोदेवरा गांव में पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ की कार्रवाई
पुलिस की टीम ने दो अलग-अलग गांवों में पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मंझिला गांव निवासी नीतीश कुमार (पिता- रविन्द्र चौधरी) के घर पर इस्तेहार चस्पा किया। इसके बाद पुलिस टीम सोखोदेवरा गांव पहुंची, जहां फरार चल रहे त्रिलोकी चौधरी (पिता- फगुनी चौधरी), बबलू चौधरी (पिता- देवकी चौधरी) और अखिलेश चौधरी (पिता- शंकर चौधरी) के घरों पर इस्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की ।
अपर थानाध्यक्ष की खुली चेतावनी
कोर्ट में हाजिर हों, वरना कुर्क होगा घर कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे कौआकोल के अपर थानाध्यक्ष रिंकू कुमार ने बताया कि यह सख्त कानूनी कदम माननीय न्यायालय के सीधे निर्देश पर उठाया गया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं, जिसके कारण कोर्ट के आदेश पर इस्तेहार चस्पा किया गया है। अपर थानाध्यक्ष ने फरार अभियुक्तों के परिजनों और रिश्तेदारों को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि वे सभी आरोपियों को जल्द से न्यायालय में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने को कहें।
यदि अभियुक्त तय समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से कोर्ट या थाने में हाजिर नहीं होते हैं, तो पुलिस बिना कोई समय गंवाए उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती (घर का सामान जब्त करने) की अगली विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर देगी। कार्रवाई के दौरान कौआकोल थाने के सशस्त्र पुलिस बल और ग्रामीण भारी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस की इस मुस्तैदी को क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट