पटना/बाढ़ : बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया को बुधवार को बाढ़ व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया। उनकी पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी रही।जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना कांड संख्या-98/23 से संबंधित हत्या मामले में न्यायिक प्रक्रिया के तहत लल्लू मुखिया को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उनके समर्थक बड़ी संख्या में न्यायालय परिसर में मौजूद रहे।
मौके पर उपस्थित कई समर्थकों ने मीडिया से बातचीत में लल्लू मुखिया को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र के तहत परेशान किया जा रहा है। समर्थकों का कहना था कि लल्लू मुखिया क्षेत्र में आम लोगों के बीच लोकप्रिय हैं तथा हमेशा लोगों की सहायता करते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण उन्हें इस मामले में फंसाया गया है।
उल्लेखनीय है कि कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया पहले बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उल्लेखनीय मत प्राप्त किए थे। इसके बाद उन्होंने राजद के टिकट पर भी विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई थी। हालांकि, मामले की सुनवाई न्यायालय में लंबित है और अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट