नवादा : जिले के कौआकोल प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत के मधुरापुर गांव में विषैले सांप के काटने से किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान मधुरापुर गांव निवासी सुरेश यादव की 17 वर्षीय पुत्री मनीता कुमारी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में स्वजनों ने बताया कि मनीता कुमारी अपने घर के पास खेत में मूंग तोड़ने गई थी। इसी दौरान खेत में छिपे एक अत्यधिक विषैले सांप ने उसे काट लिया, जिससे घटनास्थल पर उसकी तड़पकर मौत हो गई।
पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग
अचानक हुई घटना के बाद से मृतका के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें अविलंब उचित सरकारी सहायता और मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट