नवादा : बिहार पुलिस के एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) पर अपने ही रिश्तेदारों को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के आचरण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है।
जानकारी के अनुसार जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के काजीबीघा गांव निवासी सूचित भारद्वाज ने अपने चचेरे भाई जितेंद्र कुमार, जो वर्तमान में नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं, पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि पारिवारिक और संपत्ति विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा है, लेकिन हाल के दिनों में एएसआई द्वारा लगातार दबाव और धमकी दी जा रही है।
फोन पर दी गई जान से मारने की धमकी!
पीड़ित के अनुसार, 31 मई को एएसआई जितेंद्र कुमार ने फोन कर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने तक की धमकी दी। बातचीत का कथित ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। परिवार का आरोप है कि आरोपी पुलिस अधिकारी अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। साथ ही संपत्ति विवाद में दबाव बनाने और डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरक्षा की मांग, निगरानी जांच की उठी मांग
सूचित भारद्वाज ने नारदीगंज थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा नालंदा एसपी से आरोपी एएसआई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। इतना ही नहीं, पीड़ित पक्ष ने एएसआई पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में निगरानी विभाग को भी शिकायत भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर नारदीगंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाते हैं तो प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
एएसआई ने क्या कहा?
आरोपों के घेरे में आए एएसआई जितेंद्र कुमार ने वायरल ऑडियो में अपनी आवाज होने की बात स्वीकार की है। हालांकि उन्होंने पूरे विवाद को पारिवारिक और संपत्ति से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप एकतरफा हैं। उन्होंने जानबूझकर बदनाम करने की साजिश का भी संकेत दिया है।
उठ रहे कई सवाल
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि कानून का पालन कराने वाले अधिकारी ही अपने पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों को भयभीत करने के आरोपों में घिर जाएं, तो आम जनता का भरोसा कैसे मजबूत रहेगा। अब सभी की नजर पुलिस विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल ऑडियो और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, लेकिन फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा और चिंता का विषय बना हुआ।
भईया जी की रिपोर्ट