नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के धमौल गांव में 13 वर्षीय छात्र का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार रात से लापता छात्र का शव गांव के समीप स्थित शिवा ईंट भट्ठा परिसर से बरामद किया गया। शव बड़े प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
ईंट भट्ठा परिसर से मिला छात्र का शव
मृतक की पहचान धमौल गांव निवासी सुबोध यादव उर्फ प्रसादी यादव के 13 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। बुधवार को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ईंट भट्ठा परिसर से शव बरामद किया। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 राहुल सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।
सोमवार रात से लापता था सातवीं का छात्र
परिजनों के अनुसार हिमांशु कुमार सोमवार रात से घर से लापता था। वह कुतरूचक स्थित सृष्टि स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। बताया गया कि वह रविवार को ही गांव आया था। सोमवार रात घर से बाहर निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा।
प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था शव
ग्रामीणों के मुताबिक छात्र का शव बड़े प्लास्टिक में छिपाकर रखा गया था। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रारंभिक जांच में शव पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग
मृतक के दादा कारू यादव और अन्य परिजनों ने बताया कि हिमांशु परिवार के दो बेटों में से एक था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे हैं और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।
फोरेंसिक और तकनीकी टीम जुटी जांच में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक और तकनीकी जांच टीम को बुलाया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
गांव में पुलिस का कैंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। एहतियात के तौर पर गांव और घटनास्थल के आसपास पुलिस कैंप कर रही है। एसडीपीओ राहुल सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मासूम की मौत से गांव में पसरा मातम
हिमांशु की मौत से पूरे धमौल गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण इस जघन्य घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
- भईया जी की रिपोर्ट