नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के डोहरा गांव निवासी बीटेक छात्र नलिन कुमार (26) की दिल्ली में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नलिन कुमार डोहरा पंचायत की उपमुखिया नीलम देवी एवं पूर्व उपमुखिया संजय कुमार के छोटे पुत्र थे। गांव के होनहार और मिलनसार युवक की असमय मौत से परिवार समेत पूरे समाज को गहरा आघात पहुंचा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
परिजनों ने बताया कि नलिन ने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और जल्द ही उन्हें नौकरी मिलने वाली थी। वे दिल्ली में किराये के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। बताया जाता है कि 30 मई 2026 (शनिवार) की शाम वे दक्षिण दिल्ली के सैदुलअजाईब इलाके में स्थित पांच मंजिला इमारत में भोजन करने गए थे। इसी दौरान रात में इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
गांव स्थित पंचाने नदी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई सचिन कुमार ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं शुभचिंतक शामिल हुए। इस दुखद घड़ी में मां नीलम देवी, पिता संजय कुमार, बहन राखी कुमारी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं चाचा सूबेदार धन्नजय कुमार समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। नलिन की असमय मौत ने एक उभरते हुए युवा के सपनों को अधूरा छोड़ दिया। उनकी याद में पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट