राजधानी पटना में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव आज मंगलवार को उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला है। छात्रा पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के सचिवालय कॉलोनी स्थित राधे कृष्णा हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी करती थी। आज मंगलवार की सुबह 17 साल की छात्रा का शव फंदे से झूलता देख हॉस्टल में चीख—पुकार मच गई। हॉस्टल संचालक ने फौरन पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी वहां बुला लिया है। एफएसएल की टीम बारीकी से मौके से साक्ष्य जुटा रही है। छात्रा का नाम समस्तीपुर जिले की रहने वाली श्रुति कुमारी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है।
आत्महत्या की बात कह रही पुलिस
पुलिस के अनुसार 17 साल की छात्रा समस्तीपुर की रहने वाली थी। वह पिछले दो वर्ष से पटना में नीट परीक्षा की तैयारी करती थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या लग रहा है लेकिन पुलिस परिजनों से भी मामले की जानकारी ले रही है। कुछ लोगों से पूछताछ में किसी लड़के की ओर से छात्रा को परेशान करने की बात भी सामने आ रही है। छात्रा के कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है तथा लड़के की तलाश की जा रही है। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2024 से छात्रा श्रुति पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। अभी 10 दिन पहले ही छुट्टी बीताकर वह समस्तीपुर अपने घर से पटना हॉस्टल में आई थी।
परेशान कर रहा था एक लड़का
हॉस्टल संचालक आभा सिंह ने बताया कि रोजाना की तरह छात्रा सोमवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। बताया जाता है कि वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। हॉस्टल में ही रहने वाली उसकी दोस्त का कहना है कि छात्रा के अभिभावक उससे बातचीत नहीं कर रहे थे जिस कारण वह कुछ तनाव में भी रह रही थी। परिजनों का कहना है कि कोई लड़का है, जो उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा था। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और मामले की जांच करे। आज मंगलवार को सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो अन्य छात्राओं को शक हुआ। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो लड़कियों ने उसे धक्का देना शुरू कर दिया। दरवाजा खुलने के बाद अचानक से हर कोई हैरान रह गया। छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई थी।