मधुबनी : बिहार में बेखौफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि उन्हें अब पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला मधुबनी जिले के जयनगर से सामने आया है, जहां सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। अपराधियों ने रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के मैनेजर को गन पॉइंट पर लेकर करीब 6 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जयनगर स्थित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के मैनेजर धर्मेंद्र कुमार महतो जब नकदी के साथ थे, तभी बाइक सवार हेलमेट पहने दो अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने मैनेजर को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद करीब 6 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना जयनगर पुलिस को दी गई तो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सदानंद कुमार और जयनगर थानाध्यक्ष अमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और मैनेजर सहित वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। अपराधियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही शहर के नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और जल्द ही इस कांड में शामिल लुटेरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।