बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज अपनी शिलांग यात्रा के दौरान मेघालय के बिहारी कल्याण संघ के एक प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद प्रसाद यादव ने संघ की तरफ से एक ज्ञापन प्रस्तुत किया एवं हवाई संपर्क, बिहार भवन, चिकित्सा और निवेश समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए संपर्क सुविधा को बेहतर बनाने हेतु गुवाहाटी और पटना के बीच एक दैनिक सीधी उड़ान शुरू करने की आवश्यकता है। साथ ही शिलांग में एक ‘बिहार भवन’ की स्थापना का प्रस्ताव भी उन्होंने रखा ताकि बिहार से आने वाले छात्रों, मरीज़ों और आगंतुकों को ठहरने की सुविधा और सहायता प्रदान की जा सके। इसके अलावा बिहार सरकार के कर्मचारियों और नागरिकों के लिए कैशलेस चिकित्सा उपचार की सुविधा प्रदान करने हेतु मेघालय के प्रतिष्ठित अस्पतालों को बिहार सरकार के पैनल में शामिल करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पीकर प्रेम कुमार को बिहार में निवेश के अवसारों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेघालय के उन बिहारी उद्यमियों के लिए जो बिहार में निवेश करने के इच्छुक हैं, बिहार सरकार द्वारा दी जाने वाली प्रोत्साहन योजनाओं और सुविधाओं के संबंध में उन्हें जानकारी दी जाए। इस क्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों की सराहना की और आश्वासन दिया कि वे उचित कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन मामलों को उठाएंगे ताकि प्रवासी बिहार की जनता को उचित लाभ मिल सके। एसोसिएशन ने माननीय अध्यक्ष के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया।