बेतिया के नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मढिया गांव में बीते दिन एक रास्ते पर अवैध कब्जे की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस सिलसिले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल गांव में तनाव पूर्ण हालात को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार मढिया गांव की पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के सामने स्थित रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। साथ ही महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपितों ने रासते के किनारे लगे आम के चार पेड़ सहित आधा दर्जन पेड़ों को भी काट दिया है। इसी शिकायत पर शिकारपुर थाने के दारोगा रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ मामले की जांच करने गांव पहुंचे। बताया जाता है कि पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी, और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष की महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए और पुलिस के साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने महिला गार्ड संध्या कुमारी से उनका मोबाइल फोन छीन लिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट करने लगे। इसके बाद वहां पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाया जाने लगा जिसमें एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और अभिषेक कुमार घायल हो गए। इसीबीच हमलावरों ने पुलिस वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे भी पंचर कर दिया। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया की मामले में पुलिस ने एक आरोपित मदन राम को इस मामले में गिरफ्तार किया है। 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई है।