पटना/बाढ़ : NTPC Limited बाढ़ द्वारा “बालिका सशक्तिकरण अभियान–2026” का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत ओजस नगर स्थित सौहार्द भवन में आयोजित समारोह का उद्घाटन बाढ़ एनटीपीसी के प्रचालन एवं अनुरक्षण महाप्रबंधक हरेकृष्ण जेना एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनटीपीसी गीत एवं छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। अभियान के अंतर्गत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों से चयनित 55 बालिकाओं को 28 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को गणित, हिंदी, अंग्रेजी, कंप्यूटर शिक्षा एवं सामान्य ज्ञान की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही योग, कराटे, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा नेतृत्व क्षमता विकास से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। अपने संबोधन में महाप्रबंधक हरेकृष्ण जेना ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बालिकाएं ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष की GEM छात्राओं एवं बाल भवन के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा GEM फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर छात्राओं के बीच शिक्षण सामग्री किट का वितरण किया गया। “बालिका सशक्तिकरण अभियान–2026” आगामी चार सप्ताह तक विभिन्न शिक्षाप्रद एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ संचालित किया जाएगा।
इस मौके पर अनुरक्षण एवं एडीएम महाप्रबंधक अजीत कुमार सिंह, प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन महाप्रबंधक अरुण कुमार सिंह, मंदाकिनी क्लब की वरिष्ठ सदस्याएं, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन प्रतिनिधि, छात्राएं, अभिभावक, एनटीपीसी अधिकारी एवं परियोजनाकर्मी उपस्थित थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट