नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के बसरौन जंगल से आगे वन क्षेत्र में उत्पाद विभाग और रजौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक तस्कर जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मौके से पांच बाइक पर लदी भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रजौली चेकपोस्ट टीम ने जंगल क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व मद्य निषेध विभाग के अवर निरीक्षक श्री प्रवीण कुमार कर रहे थे। उनके साथ चार गृह रक्षक जवान मौजूद थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब तस्करों की घेराबंदी कर राजा तुरीया, निवासी टीटहियां टांड़ गांव, दिवाकर कुमार, निवासी साफी गांव, सुखू तुरीया समेत एक बालक को निरुद्ध किया। वहीं एक अन्य तस्कर मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बरामदगी की सूचना मिलने पर निरीक्षक सह प्रभारी रजौली चेकपोस्ट श्री अमृत कुमार गुप्ता पिकअप वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। रजौली थाना पुलिस ने भी अभियान में सक्रिय सहयोग किया। उत्पाद अधीक्षक श्री अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि अभी जब्त शराब की गिनती पूरी नहीं हुई है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में विभाग जुटा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट