राजधानी पटना के रुपसपुर स्थित होटल हाईडेन में पिता के सामने एक छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर सरकार बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो हर पिता को हथियार का लाइसेंस दे देना चाहिए। पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, ‘पटना के होटल हिडेन विला में एक बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई। इस होटल को तत्काल ध्वस्त किया जाए और इसके संचालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए’। उधर इस मामले में पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को पकड़ा है और होटल को भी सील कर दिया है। होटल के मैनेजर समेत दो लोग अभी फरार हैं। पुलिस को होटल से यौनवर्धक दवाएं और शराब की बोतलें भी बरामद हुईं हैं।
विदित हो कि 1 दिन पूर्व पटना के रुपसपुर में लॉ कालेज के पास बेगूसराय निवासी एक युवती के पिता अपनी बेटी की पॉलिटेक्निक परीक्षा के सिलसिले में आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद रात में वे रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कालिकेट हिडेन विला होटल के कमरा नंबर 103 में रुके थे। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सो गए थे, जबकि उनकी बेटी जाग रही थी। कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक नहीं था। आरोप है कि रात करीब 12:48 बजे नशे की हालत में होटल स्टाफ सत्येंद्र कुमार कमरे में घुस आया। पिता ने बताया कि बेटी की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि आरोपी उनकी बेटी का हाथ पकड़े हुए है। उन्होंने उससे पूछा कि क्या बात है? कौन हो तुम और कमरे में कैसे आ गए? इस पर आरोपी ने कहा कि बेल बजा रहे थे तो दरवाजा क्यों नहीं खोला? इसके बाद वह लड़की के बारे में पूछताछ करने लगा।
लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने होटल स्टाफ से कहा कि अगर आप लोगों को लड़की को लेकर कोई संदेह था, तो कमरा बुक करते समय आधार कार्ड का सत्यापन कर सकते थे। आधी रात को कमरे में घुसकर इस तरह की हरकत करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिसे देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। बाद में उन्होंने घटना की जानकारी पास में ठहरे अपने भतीजे को दी। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल के सभी कमरों की जांच की। जांच के दौरान चार लड़कियां और चार लड़के शराब पीते हुए मिले। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और होटल को सील कर दिया गया है।