नवादा : जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने पुलिस महकमे सहित पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। लोगों की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाला एक एक्स आर्मी जवान सह डायल 112 (3) का चालक सिपाही सड़क हादसे का शिकार हो गया। दूसरों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने वाला जवान खुद जिंदगी की जंग हार गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के महुली के समीप डायल 112 वाहन के चालक शिव कुमार ड्यूटी के दौरान वाहन से उतरकर सड़क किनारे पेशाब करने गए थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर ही हो गई दर्दनाक मौत
टक्कर इतनी भयावह थी कि चालक सिपाही शिव कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक शिव कुमार जिले के नारदीगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे पूर्व में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे और सेना से लौटने के बाद पुलिस विभाग में चालक सिपाही के रूप में कार्यरत थे।
सदर अस्पताल पहुंचे एसपी, पुलिस महकमे में शोक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और परिजनों की आंखें नम दिखीं। साथी जवानों के बीच भी शोक और मायूसी का माहौल बना हुआ है। एक पल में परिवार के सपने उजड़ गए और वर्दी पहनकर जनता की सेवा करने वाला जवान हमेशा के लिए खामोश हो गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
भईया जी की रिपोर्ट