नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद की आम बैठक हंगामे और भारी गतिरोध की भेंट चढ़ गई। मुख्य पार्षद (अध्यक्ष) पूजा कुमारी, उपमुख्य पार्षद (उपाध्यक्ष) टिंकू चौधरी और स्थानीय विधायक अनिल सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य पार्षद के कथित हस्तक्षेप और कार्यशैली से नाराज होकर उपमुख्य पार्षद सहित तमाम वार्ड पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सदन से बाहर निकल गए।
मुख्य पार्षद के हस्तक्षेप से नाराज हुए पार्षद
मिली जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं पर चर्चा के लिए आम बैठक बुलाई गई थी। बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही विकास योजनाओं और प्रशासनिक निर्णयों में मुख्य पार्षद पूजा कुमारी के कथित अनावश्यक हस्तक्षेप को लेकर वार्ड पार्षद बिफर पड़े। पार्षदों का आरोप था कि लोकतांत्रिक तरीके से काम करने के बजाय मनमाने ढंग से फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे उनके क्षेत्रों का विकास बाधित हो रहा है।
विधायक अनिल सिंह के सामने हुआ हंगामा
पूरा घटनाक्रम हिसुआ विधायक अनिल सिंह की मौजूदगी में हुआ। विधायक के सामने ही उपमुख्य पार्षद टिंकू चौधरी और अन्य पार्षदों ने मुख्य पार्षद की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया। पार्षदों ने मुख्य पार्षद के रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की। देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
उपमुख्य पार्षद और सभी वार्ड पार्षदों ने किया वॉकआउट
मुख्य पार्षद के व्यवहार और हस्तक्षेप से असंतुष्ट होकर उपमुख्य पार्षद टिंकू चौधरी के नेतृत्व में सभी उपस्थित वार्ड पार्षद बैठक से उठकर बाहर निकल गए। पार्षदों ने साफ कहा कि जब तक नगर परिषद में पार्षदों के अधिकारों का सम्मान नहीं होगा और तानाशाही रवैया बंद नहीं होगा, तब तक वे ऐसी बैठकों का हिस्सा नहीं बनेंगे।
सभी पार्षदों के एकसाथ बाहर निकल जाने (वॉकआउट) के कारण नगर परिषद की आम बैठक बिना किसी ठोस निर्णय के बीच में ही समाप्त हो गई। हंगामे के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है और शहर के विकास कार्यों पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट