नवादा : आईआईटी रूड़की के छात्र धर्मराज की मौत मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मृतक के पिता हेमंत राज कुमार के आवेदन पर थाली थाने में 21 मई को दर्ज कांड संख्या-98/26 में मृतक के दोनों दोस्तों को आरोपित किया गया है। आरोपितों में महानंदपुर के जितेन्द्र कुमार का पुत्र अमित कुमार व अंधरबारी के संतोष कुमार का पुत्र अनन्त कुमार शामिल हैं। पिता का आरोप है कि साजिश के तहत उनके पुत्र की हत्या कर दी गयी। मामला थाली थाना क्षेत्र के अमझर कुंड से मिले युवक धर्मराज के शव से जुड़ा है। धर्मराज का शव 20 मई की देर शाम कुंड से गोताखोरों द्वारा बरामद किया गया था। वह 19 मई को नहाने के दौरान लापता हो गया था।
मृतक 18 वर्षीय धर्मराज कुमार उर्फ बिशु वारिसलीगंज के बेलधा गांव के हेमंत राज का पुत्र था। वह आईआईटी रूड़की में द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह 18 मई को छुट्टियों में घर आया था। उसके पिता हेमंत राज कुमार सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि 19 मई को धर्मराज अपने दो दोस्तों के साथ ककोलत के लिए निकला था लेकिन मंगलवार को ककोलत बंद रहने के कारण वह अमझर कुंड चला गया था। दोस्तों के मुताबिक वह नहाने के क्रम में डूब गया। दोस्तों की सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम वहां पहुंची और अगले दिन गोताखोरों ने शव बरामद किया। पिता का आरोप है कि परिजनों को बताये बिना उसके दोस्त उसे अमझर लेकर चले गये।
पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट से होगा खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। बताया जाता है कि पुलिस व परिजनों की मौजूदगी में सदर अस्पताल की मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। मेडिकल बोर्ड ने मृतक का विसरा सुरक्षित रख लिया है जिसे जांच के लिए पटना भेजा जाएगा। विसरा जांच के आधार पर मेडिकल बोर्ड द्वारा फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिया जाएगा। फॉरेंसिक टीम ने भी मृतक के शरीर से कई सैंपल उठाये और घटनास्थल से भी कई सैंपल संकलित किये। सभी सैंपल पटना फॉरेंसिक लैब भेजे जा रहे हैं जिसकी जांच रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या व दुर्घटना समेत सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। इस दौरान पुलिस के वरीय पदाधिकारियों द्वारा दोनों दोस्तों से भी पूछताछ की गयी है।
आईजी से मिले परिजन
बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों ने मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से मिलकर मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया। चर्चा है कि परिजन सदर अस्पताल की मेडिकल बोर्ड की अंतरिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर इस दौरान आईजी से बातचीत की। आईजी ने परिजनों को हरसंभव उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। धर्मराज बेहद कुशाग्र बुद्धि का छात्र था। उससे परिजनों को बेहद उम्मीद थी। उसके अचानक चले जाने से परिजन पूरी तरह से हताश हैं।
कहते हैं अधिकारी
रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने परिजनों के आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतक का विसरा प्रिजर्व किया गया है। जांच के लिए कई सैंपल फॉरेंसिक लैब भेजे गये हैं। रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट होने पर अग्रेतर कार्रवाई होगी। कांड अनुसंधान अंतर्गत है। हत्या व दुर्घटना समेत सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट