ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बीच आज शनिवार को एकबार फिर बिहार समेत पूरे देश में पेट्रोल—डीजल की कीमतें बढ़ा दी गईं हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट से तेल का व्यापार और जहाजों का आवागमन बाधित है। इसका सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ा है जिससे देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई दरें बीती रात से ही प्रभावी हो गई हैं। तेल कंपनी IOCL ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक साथ नहीं बढ़ाई जाएंगी, बल्कि इनकी कीमतों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की जाएगी।
बिहार में क्या है पेट्रोल-डीजल का नया रेट
इस बढ़ोतरी के बाद बिहार की राजधानी पटना में अब पेट्रोल की कीमत 110.16 रुपये से बढ़कर 111.11 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल के दाम भी 96.19 रुपये से बढ़कर 97.14 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। आम जनता के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले मंगलवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए थे, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका है। अगर गौर से देखा जाए तो पिछले 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन बार में 5 रुपये का इजाफा हुआ है। ऐसे में महंगाई का एक बड़ा झटका देश के लोगों को उठाना पड़ रहा है।
तेल कंपनियों की ओर से बताया गया कि ईरान-अमेरिका जंग के कारण होर्मुज पर पूरी तरह से नाकाबंदी जारी है, जिस कारण कच्चे तेल की सप्लाई मिडिल ईस्ट से पूरी नहीं हो पा रही है। ऐसे में दुनिया में महंगाई का संकट बढ़ गया है। साथ ही कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊपर-नीचे हो रही हैं। अभी कच्चे तेल की कीमत 105 डॉलर के करीब है। आज शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद आम जनता को सीएनजी (CNG) का भी बड़ा झटका लगा है। खबर है कि शनिवार को सीएनजी की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर सीएनजी के दामों में की गई यह तीसरी बढ़ोतरी है।