जहानाबाद में पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा की लिस्ट को आगे बढ़ाते हुए बीती रात बिहार में लगातार 6ठा एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान के तहत पुलिस ने दो दिन पूर्व हुए दीपक कुमार हत्याकांड के आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण का हाफ एनकाउंटर कर दिया। दरअसल, दीपक सिंह हत्याकांड के आरोपी रावण को जहानाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हथियार बरामदगी की कार्रवाई के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। यह मुठभेड़ जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र में धुरियारी नहर के पास हुई। बताया जाता है कि रावण ने पहले से छिपाकर रखे हथियार से पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। इस दौरान उसकी गोली घोसी थाना प्रभारी की गाड़ी में लग गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इसी क्रम में वह पुलिस की गोली का शिकार बन गया। फिलहाल आरोपी को सदर अस्पताल जहानाबाद में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जहानाबाद एसटीएफ ने बीते 19 तारीख को हुई दीपक सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण को गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए साथ लेकर गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे हथियार को निकालते समय आरोपी बिक्कू सिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अपराधी घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले में अभी ज्यादा जानकारी देने से बच रही है। अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया था कि हत्या में इस्तेमाल हथियार उसने घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास नहर किनारे छिपा रखा है। इसी के बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ हत्या के समय अन्य अपराधी भी मौजूद थे या नहीं। बता दें कि पिछले 5 दिनों के दौरान बिहार में यह छठा पुलिस एनकाउंटर है। इससे पहले किशनगंज, समस्तीपुर, पटना और सीवान में भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर बिहार पुलिस की अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान के लिए काफी प्रशंसा हो रही है।