भागलपुर के सुल्तानगंज में कुख्यात बदमाश कैलाश मंडल ने बिहार पुलिस की सख्ती से डरकर अपराध छोड़ने का ऐलान कर दिया। हत्या, लूट और रंगदारी के कई मामलों में आरोपी कैलाश ने गंगा घाट पर अपने हथियार बहाकर दोबारा अपराध नहीं करने की कसम खाई। सबसे मजेदार बात यह कि इस कुख्यात बदमाश द्वारा अपराध से तौबा करने का यह निराला अंदाज लोगों को काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर उसका ऐसा करते हुए एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। बिहार में इससे पूर्व ऐसी तस्वीर कभी सामने नहीं आई थी।
गंगा में हथियार किया विसर्जित, अपराध से तौबा
जानकारी के अनुसार सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया इलाके का रहने वाला कुख्यात बदमाश कैलाश मंडल कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उस पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जेल से बाहर आने के बाद जब उसे यह एहसास हुआ कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चल रहा है और पुलिस बदमाशों को उनकी ही भाषा में जवाब दे रही है, तो उसने अपना रास्ता बदलने का फैसला कर लिया। कैलाश मंडल हत्या, रंगदारी सहित कई गंभीर मामलों में मुख्य आरोपी है। अपराध की घटनाओं के कारण उसका अक्सर जेल आना-जाना लगा रहता है। वह कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। इसके बाद भागलपुर पुलिस द्वारा रामधनी यादव के एनकाउंटर से वह भयभीत हो गया। रामधनी यादव पर हत्या, लूट और रंगदारी सहित कई मामले दर्ज थे। सूत्रों के अनुसार, एनकाउंटर के बाद कई अपराधी भूमिगत हो गए हैं, जबकि कुछ ने सरेंडर करना शुरू कर दिया है।
कैलाश मंडल ने अपना अवैध हथियार गंगा में विसर्जित करने से पहले पंडित जी के मंत्रों के साथ अपने माता-पिता को साक्षी मानकर अपराध न करने की कसम खाई। इसके साथ ही उसने सादगीपूर्ण जीवन जीने का संकल्प लिया। कैलाश मंडल ने सुल्तानगंज स्थित पवित्र गंगा घाट पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद अपने पास मौजूद अवैध हथियार गंगा मैया की गोद में विसर्जित कर दिए। हथियार पानी में बहाने के बाद उसने हाथ जोड़कर गंगा मैया से कसम खाई कि वह आगे किसी भी आपराधिक घटना में शामिल नहीं होगा। गंगा तट पर कुख्यात अपराधी द्वारा इस तरह हथियार सरेंडर करने का यह अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।