नवादा : जिले से नफरत के दौर में मोहब्बत और आपसी सौहार्द की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। जिले के कौआकोल प्रखंड के लालपुर गांव में हिंदू युवक और मुस्लिम युवती ने आपसी सहमति से शादी रचाकर ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ की एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, लालपुर गांव के रहने वाले हिंदू युवक और स्थानीय मुस्लिम समुदाय की एक लड़की के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ अपना जीवन बिताना चाहते थे। आमतौर पर ऐसे मामलों में जहां विवाद की स्थिति बन जाती है, वहीं इस जोड़े ने सूझबूझ और परिपक्वता का परिचय दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, इस शादी ने समाज को यह संदेश दिया है कि अगर नीयत साफ हो और आपसी समझ हो, तो मजहब की दीवारें कभी भी दो दिलों और परिवारों को जोड़ने से नहीं रोक सकतीं।
कौआकोल प्रखंड के प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने इस कदम की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यह शादी केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं , बल्कि यह इस इलाके के सामाजिक ताने-बाने और कौमी एकता को और मजबूत करने वाली मिसाल है। शादी की खबरें सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग इस जोड़े को नए जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इलाके के लोग इस बात पर गर्व महसूस कर रहे हैं कि उनके प्रखंड ने पूरे सूबे को आपसी भाईचारे का एक सकारात्मक और खूबसूरत संदेश दिया है।
भईया जी की रिपोर्ट