राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र स्थित राजाराम गली में एक तलाकशुदा पति ने सनक में आकर अपनी पत्नी, दो बच्चों और उसके मायके वालों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में पत्नी, उसके दो मासूम बेटों और सास-ससुर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत नाजुक बताई जाती है। बताया जाता है कि इस शख्स ने हाल में ही दूसरी शादी की है। आज सुबह वह पहली पत्नी के घर में घुस गया और पत्नी, दो बच्चों तथा सास—ससुर को जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। इस घटना में आरोपी पति खुद भी झुलस गया परंतु वह किसी तरह अपने शरीर में लगी आग को बुझाकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची चौक थाने की पुलिस ने इस वारदात में गंभीर रूप से झुलसी पत्नी प्रिया कुमारी उर्फ मोनी, दो बच्चों 10 वर्षीय आयुष कुमार, 3 वर्षीय सूरज कुमार, ससुर पुरुषोत्तम अग्रवाल और सास नीलम अग्रवाल को एनएमसीएच अस्पताल पहुंचवाया तथा मौके पर जांच शुरू की। आरोपी पति कन्हाई कुमार भी बुरी तरह झुलस गया लेकिन किसी तरह वह आग बुझाकर फरार हो गया। पुरुषोत्तम अग्रवाल और नीलम अग्रवाल की स्थिति बेहद नाजुक बताई जाती है। सिटी डीएसपी 2 डॉक्टर गौरव कुमार और एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से एक बोतल पेट्रोल भी बरामद किया है।
बताया जाता है कि कन्हाई कुमार के शराब पीने की आदत से उबकर प्रिया उर्फ मोनी उसे छोड़कर अपने मायके में रहने लगी थी। उसके पति ने उसे तलाक दे दिया परंतु तलाक देने की एवज में कन्हाई कुमार ने उनसे 3.50 लाख रुपए भी ले लिए। अब कन्हाई और रकम की मांग कर रहा था, जिसे देने से इनकार करने पर उसके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। मौके पर मौजूद सिटी डीएसपी 2 ने पूरे मामले की जांच के बाद आरोपी पर कठोर कार्रवाई की बात दोहराई है। फिलहाल एफएसएल और पुलिस की टेक्निकल टीम घटनास्थल से साक्ष इकट्ठा करने के साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगालने में जुटी है।