नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र के डुमरावां गांव निवासी राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित ग्रामीण चिकित्सक जगदीश शर्मा उर्फ नवल किशोर सिंह का पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुभचिंतकों, मरीजों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। स्वर्गीय जगदीश शर्मा वर्षों से जड़ी-बूटी के माध्यम से लोगों का निःशुल्क उपचार करते आ रहे थे।
ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पहचान एक लोकप्रिय एवं जनसेवी चिकित्सक के रूप में थी। बताया जाता है कि पटना, मुजफ्फरपुर एवं गया सहित बिहार के कई जिलों में उनके क्लिनिक संचालित हैं, जहां गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को आज भी निःशुल्क सेवा प्रदान की जाती है। ग्रामीण चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2012 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल द्वारा सम्मानित किया गया था।
उनके कार्यों की सराहना राज्य ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में भी की जाती थी। परिजनों के अनुसार उनके परिवार में छह पुत्रियां एवं दो पुत्र हैं। इनमें 5 पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि दो पुत्र एवं एक पुत्री अभी अविवाहित हैं। उनके निधन पर सामाजिक एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया था।
भईया जी की रिपोर्ट