नवादा : जिला प्रभारी सह लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-नवादा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान एवं अन्य पदाधिकारियों ने हिसुआ प्रखंड के सोनसा पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जिले के सभी 14 प्रखंडों के प्रत्येक प्रखंड के एक पंचायत में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित निष्पादन, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता एवं प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि “सहयोग शिविर” का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को भिन्न-भिन्न पंचायतों में किया जाएगा। शिविर के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
मंत्री ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ आमजनों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। मंत्री द्वारा निष्पादित आवेदनों से संबंधित दस्तावेज लाभुकों के बीच वितरित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट