दरभंगा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक परिवार के 4 लोगों की सामूहिक हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव में घरेलू झगड़े के बाद एक सनकी व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है। उसकी भी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी फूल कुमारी दास, उनके पुत्र ह्रदय दास और पुत्री संध्या दास व सोन दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप दास अपने परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी किया करता था और गांव में ही एक किराए के घर में परिवार समेत रहता था।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस सामूहिक हत्या की घटना से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। लोगों ने बताया कि यह परिवार पश्चिम बंगाल से यहां आकर एक किराए के घर में रहता था और परिवार का मुखिया संदीप दास एक मुर्गी फार्म पर काम कर रोजी—रोटी कमाता था।
मुर्गी फार्म पर काम करने वाले एक दूसरे मजदूर ने बताया कि जिस वक्त यह घटना घटी, उस वक्त बाकी के कर्मी मुर्गियों को दाना—पानी दे रहे थे। इसी दौरान संदीप दास के घर में झगड़ा चल रहा था। एक बच्चे ने हल्ला सुनकर सभी मजदूरों को सूचित किया। जब सभी जुटे तो देखा कि उसके घर में चारों बुरी तरह घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। मजदूर संदीप दास का भी सर फटा हुआ था। पुलिस ने सभी को डीएमसीएच भेज दिया। डॉक्टरों ने संदीप दास के अलावा सभी को मृत घोषित कर दिया। संदीप दास का आईसीयू में इलाज किया जा रहा है। मौके पर पतोर एवं एपीएम थाने की पुलिस पहुंची हुई है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।