गया : जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम मेन स्थित बाबा कोटेश्वर नाथ धाम आज श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के बीच आस्था, आध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। 1008 सहस्त्रलिंग शिवलिंग एवं प्राचीन धार्मिक महत्व के कारण यह धाम बिहार के प्रमुख शिव स्थलों में विशेष पहचान बना चुका है। मंदिर परिसर का धार्मिक एवं प्राकृतिक वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। श्रावण मास, महाशिवरात्रि एवं अन्य विशेष अवसरों पर यहां हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में बिहार सरकार द्वारा पर्यटन भवन की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। यहां वैल फर्निश्ड रूम, विशाल पार्किंग स्पेस, बड़ा ग्राउंड तथा सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन की समुचित सुविधा उपलब्ध है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था काफी लाभकारी साबित हो रही है। बाबा कोटेश्वर नाथ धाम सड़क मार्ग से गया शहर एवं बेलागंज प्रखंड मुख्यालय से सीधे जुड़ा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में विशेष सुविधा होती है।
इस पवित्र धाम के विकास एवं व्यापक पहचान दिलाने में स्थानीय निवासी एवं बिहार लोकायुक्त के पूर्व अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री श्याम किशोर शर्मा का विशेष योगदान एवं सतत मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा है। उनके प्रयासों से बाबा कोटेश्वर नाथ धाम की पहचान आज देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच रही है तथा धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। बिहार के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों जैसे महाबोधि मंदिर, विष्णुपद मंदिर, नालंदा विश्वविद्यालय अवशेष एवं विश्व शांति स्तूप की तरह बाबा कोटेश्वर नाथ धाम भी धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। श्रद्धालुओं के बीच यह धाम श्रद्धा, भक्ति और चमत्कारी आस्था के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध होता जा रहा है।