-भौर गांव में पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता
नवादा : जिले की रजौली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भौर गांव से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद बाइक का इस्तेमाल अवैध शराब कारोबार में किये जाने की बात सामने आयी है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि एएसआइ जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि भौर गांव निवासी केदार सिंह के घर के बथान में चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर रखी गयी है। सूचना के अनुसार, केदार सिंह के नाती तथा सिरदला थाना क्षेत्र के रवियो गांव निवासी छोटेलाल राम के पुत्र बिक्रम कुमार ने बाइक वहां छिपायी थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि बिक्रम कुमार और उसका सहयोगी भौर गांव निवासी मनोज यादव के पुत्र जेपी कुमार चोरी की बाइक का इस्तेमाल अवैध शराब कारोबार में करते थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान केदार सिंह के घर के बथान में कपड़े से ढकी एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में केदार सिंह ने बताया कि उनका नाती बिक्रम कुमार सुबह बाइक लेकर आया था और बथान में खड़ी कर चला गया। बरामद काले-लाल रंग की अपाची बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगा था। बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची बनाकर बाइक को जब्त कर थाना लाया।
थाने में प्राथमिकी दर्ज कर थाना परिसर में पॉश मशीन से चेसिस नंबर की जांच करने पर बाइक चोरी की निकली। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 46 आर 5763 पाया गया। इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अनुसंधान के दौरान पीटीसी उपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के सहयोग से बाइक चोरी मामले में शामिल भौर गांव निवासी मनोज प्रसाद के पुत्र जेपी कुमार तथा महेंद्र यादव के पुत्र चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट