जमुई के झाझा में तैनात ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के पटना और जमुई आवास समेत चार ठिकानों पर आज शनिवार की सुबह EOU (आर्थिक अपराध इकाई) की टीम ने एकसाथ छापेमारी की। रेड में अभी तक 40 लाख रुपए कैश और बड़ी मात्रा में ज्वेलरी मिली है। EOU की टीम ने नोटों की गिनती के लिए मौके पर नोट गिनने वाली मशीन मंगवाई है। पटना में मजिस्ट्रेट कॉलोनी के जगत विला अपार्टमेंट के 2nd फ्लोर स्थित F2 फ्लैट में यह छापेमारी चल रही हैं। सुबह करीब साढ़े 8 बजे EOU के अधिकारी यहां कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इंजीनियर के खिलाफ यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है और बताया गया कि झाझा में तैनात ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार पर दो करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति रखने का आरोप है।
आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई
आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद अदालत से वारंट हासिल किया और फिर आज शनिवार सुबह जमुई के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। EOU सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रमाण मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की है।
पटना-जमुई समेत चार ठिकानों पर रेड
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गोपाल कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। इनमें पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम में जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट, कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4 स्थित आवास, जमुई में के.के.एम. कॉलेज के पास किराये का मकान और झाझा स्थित कार्यालय शामिल हैं।
छापेमारी इन ठिकानों पर
- पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ‘जगत विला अपार्टमेंट’ का फ्लैट
- पटना में कंकड़बाग के पूर्वी इंदिरा नगर, रोड नंबर-04 में स्थित मकान
- जमुई में केकेएम कॉलेज के समीप स्थित किराए का आवास
- जमुई में झाझा स्थित आधिकारिक कार्यालय