पटना : बिहार सरकार ने प्रशासनिक तंत्र में नई जान फूंकने और विभागीय कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का बड़ा फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 1996 से लेकर 2021 बैच के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में सचिव और अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
के. सेंथिल कुमार (1996) अब श्रम संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव होंगे। साथ ही पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। राजेश कुमार (2001) इन्हें लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव बनाया गया है। पंकज कुमार पाल (2002) पथ निर्माण विभाग के नए सचिव नियुक्त किए गए हैं। अभय कुमार सिंह (2006) सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। सरकार ने विनोद सिंह गुंजियाल को शिक्षा विभाग का पूर्ण प्रभार सौंपा है, साथ ही उन्हें खेल विभाग का अतिरिक्त जिम्मा भी दिया गया है।
वहीं, हिमांशु शर्मा को विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है। दीपक आनंद अब खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के नए सचिव होंगे। प्रेम सिंह मीणा को मुंगेर के साथ भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। हिमांशु कुमार राय दरभंगा के साथ कोसी प्रमंडल की जिम्मेदारी देखेंगे। पटना जिले के नए उप विकास आयुक्त (DDC) के रूप में शुभम कुमार को तैनात किया गया है। इसके अलावा पूर्णिया, भोजपुर और नालंदा जिलों में भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।


